बिलासपुर में बिना बताए घर से निकलीं दो सगी नाबालिग बहनों को सकरी पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला। मंगला स्थित एक पार्क में मिली बच्चियों के सही सलामत मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है।
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। घर से बिना बताए निकलीं दो सगी नाबालिग बहनों को सकरी पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर तलाश कर लिया है। दोनों बच्चियां मंगला स्थित एक पार्क में सुरक्षित मिल गईं, जिसके बाद परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली।
अपहरण की आशंका से सहमे थे परिजन
गुरुवार को बच्चियों के अचानक घर से गायब होने के बाद परिवार वाले गहरी चिंता में थे। शाम और रात तक जब दोनों बहनें वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने या किसी अनहोनी की आशंका जताई। घबराए परिजनों ने तुरंत सकरी थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
सकरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए सकरी पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया और थाना प्रभारी संजय शिंदे के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने परिजनों के सहयोग से शहर में तलाश अभियान शुरू किया।
रास्ता भटक गई थीं बच्चियां
पुलिस की मुस्तैदी के चलते कुछ ही घंटों में दोनों बच्चियां मंगला के एक पार्क में सुरक्षित मिल गईं। पुलिस ने दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ के दौरान बच्चियों ने बताया कि वे घूमने के लिए निकली थीं और रास्ता भटक जाने के कारण घर वापस नहीं लौट पाईं।
बच्चों के सकुशल घर लौटने पर मां समेत पूरे परिवार की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। परिजनों ने सकरी पुलिस की कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उनका दिल से आभार व्यक्त किया है।