Local

नवा रायपुर में किसानों की 'अन्नदाता गर्जना रैली', मंत्रालय घेराव की तैयारी

2026-10-28 05:18:29 bhaskar_hindi
नवा रायपुर में किसानों की 'अन्नदाता गर्जना रैली', मंत्रालय घेराव की तैयारी

नया रायपुर के तूता धरना स्थल पर धान बोनस, समर्थन मूल्य में वृद्धि और 1700 करोड़ रुपए बकाया भुगतान की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन जारी है। किसान ‘अन्नदाता गर्जना रैली’ के तहत महानदी भवन का घेराव करेंगे।


रायपुर: छत्तीसगढ़ में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को रायपुर के तूता धरना स्थल पर भारी संख्या में किसान एकजुट हुए और 'अन्नदाता गर्जना रैली' का आगाज किया। इस प्रदर्शन का मुख्य नारा ‘रायपुर चलो, कृषिमित् कृषस्व यानी खेती ही करो’ रखा गया है। किसान धान बोनस, समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी, बकाया भुगतान और सिंचाई परियोजनाओं से जुड़ी प्रमुख मांगों को लेकर महानदी भवन (मंत्रालय) का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।

प्रमुख मांगें और छत्तीसगढ़ में प्रदर्शन

भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में राज्यभर के किसान जिला मुख्यालयों पर भी प्रदर्शन कर रहे हैं। कवर्धा में किसानों ने ट्रैक्टरों के साथ रैली निकाली और बैरिकेडिंग कर रास्ता जाम किया। किसानों की प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं:

    • साल 2022-23 की धान खरीदी का 1700 करोड़ रुपए का बकाया भुगतान तत्काल किया जाए।
    • पिछले तीन वर्षों की 258 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य वृद्धि का लाभ देते हुए 3358 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी हो।
    • धान खरीदी की अवधि 15 नवंबर से 15 फरवरी तक निर्धारित की जाए।
    • तौल व्यवस्था को स्पष्ट करते हुए प्रति तौल अधिकतम 40 किलो 700 ग्राम धान लेने का आधिकारिक आदेश जारी हो।

आगे की रणनीति

राजधानी रायपुर के अलावा छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में भी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन की तैयारी है। इसी कड़ी में 28 अक्टूबर को धमतरी में भी किसानों द्वारा बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

Related