Top News

रायपुर में पत्नी के साथ टहल रहे युवक का मोबाइल लूटा, एक आरोपी गिरफ्तार

2026-10-26 12:35:19 bhaskar_hindi
रायपुर में पत्नी के साथ टहल रहे युवक का मोबाइल लूटा, एक आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के संतोषी नगर में पत्नी के साथ टहल रहे एक युवक का मोबाइल स्कूटी सवार बदमाशों ने झपट लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और दूसरा फरार है।


रायपुर: राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत संतोषी नगर चौक पर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पत्नी के साथ टहल रहे एक युवक के हाथ से स्कूटी सवार बदमाशों ने मोबाइल झपट लिया। पीड़ित युवक अपने व्यवसाय से जुड़ा ऑडियो सुनने के लिए फोन कान पर लगाए हुए था, तभी यह घटना घटी।

अनंत ज्वेलर्स के सामने हुई वारदात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 7 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे संतोषी नगर मेन रोड पर स्थित अनंत ज्वेलर्स के सामने हुई। प्रार्थी मोहम्मद फारूख चांगल ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी पत्नी के साथ रात में टहलने निकले थे। इसी दौरान पीछे से एक्टिवा पर आए दो अज्ञात युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया और मौके से तेजी से फरार हो गए।

CCTV फुटेज से हुआ खुलासा

घटना की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने तुरंत कार्रवाई की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के तमाम CCTV फुटेज खंगाले तथा वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन की जानकारी जुटाई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बैद्यनाथपारा (कोतवाली क्षेत्र) निवासी 20 वर्षीय शेख तौहीद को धर दबोचा।

80 हजार रुपए का मशरूका जब्त

पुलिस पूछताछ में आरोपी शेख तौहीद ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर मोबाइल लूटने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा जब्त कर ली है, जिनकी कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस अब इस मामले में संलिप्त दूसरे फरार आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।